दिल्ली के वसंत विहार के तिहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ तीसरे दिन भी कातिलों का सुराग नहीं लगा है। जांच में पता लगा है कि हत्यारे बुजुर्ग माथुर दंपती और नर्स खुशबू नौटियाल का मोबाइल फोन ले गए हैं। इसके अलावा घर में कोई लूट नहीं हुई है।
बुजुर्ग दंपती के छह-सात हजार रुपये घर में ही रखे मिल गए हैं। वे घर में ज्यादा कैश व ज्वेलरी नहीं रखते थे। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में पता चला है कि खुशबू ज्यादातर कॉल व्हाट्स एप से करती थी।
बुजुर्ग दंपती की नौकरानी बबली ने यह जानकारी दी। व्हाट्स एप कॉल करने से रिकॉर्ड नहीं बनता है, इस कारण पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। पुलिस ने खुशबू के दोस्त कीतम को क्लीन चिट नहीं दी है।
पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। इलाके से पुलिस को चार से पांच सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक चालक व उसके पीछे बैठी महिला दिख रही है।