नई दिल्ली पालिका परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन नरेश कुमार ने बताया कि एनडीएमसी का पूरा क्षेत्र अगले छह माह में वाई-फाई की सुविधा से लैस होगा। शुरुआती दौर में कनॉट प्लेस में 55 स्मार्ट पोल लगाए गए हैं। पूरे एनडीएमसी क्षेत्र में ऐसे 625 स्मार्ट पोल लगाए जा रहे हैं ताकि परिषद क्षेत्र के दायरे में वाई फाई की सुविधा हो। बिजली के स्मार्ट मीटर की तर्ज पर पानी के मीटर भी स्मार्ट बनाने की दिशा में प्रयास जारी है। जन्म- मृत्यु पंजीकरण की सुविधा अब ऑनलाइन उपलब्ध है जबकि कई सुविधाएं एप 311 पर भी उपलब्ध हैं।
मीडिया को संबंधित करते हुए एनडीएमसी के चेयरमैन ने बताया कि जल्द ही पूरे एनडीएमसी क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर की सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एनडीएमसी क्षेत्र में 57 इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इनमें 5-6 ऐसे होंगे, जिनमें वैश्विक मानकों के मुताबिक तैयार बैटरी से संचालित होने वाले वाहनों के लिए भी चार्जिंग की सुविधा होगी। स्वच्छता के तहत किचन वेस्ट से बॉयो मेथनॉल तैयार किया जा रहा है तो दूसरी तरफ सौर ऊर्जा के जरिये भी ऊर्जा संरक्षण की दिशा में पहल की गई है।
इसके अलावा 11 मूर्ति फाउंटेन और लाइटिंग, मार्केट में एलईडी स्क्रीन, वाटर एटीएम, हैपनिंग एरिया, ग्रीन इनिशिएटिव, कैकट्स गार्डन, 11 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, जीरो वेस्ट कॉलोनी, ओपन जिम, स्मार्ट टॉयलेट, स्मार्ट क्लासरूम, आयुष क्लीनिक, स्किल सेंटर, स्मार्ट पोल, 57 चार्जिंग स्टेशन, इलेक्ट्रिसिटी ग्रिड, वाटर मैनेजमेंट, यूनिक स्मार्ट एड्रेसिंग, ई- स्कूटर सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत काम चल रहा है। खान मार्केट, सरोजनी नगर मार्केट, पंडरा रोड, चाणक्यपुरी और कनॉट प्लेस में 50 डिजिटल एलईडी पैनल लगाए गए हैं। इन पैनल पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, फ्री वाई फाई के अलावा अन्य सुविधाएं भी हैं।