हरियाणा सरकार रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को खास तोहफा देने जा रही है। इस साल महिलाओं को राज्य परिवहन की बसों में एक नहीं दो दिन मुफ्त यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
बृहस्पतिवार को यहां मेवात के अतिरिक्त उपायुक्त मनीराम शर्मा ने बताया कि सरकार ने इस बार प्रदेश की सभी महिलाओं और उनके 15 साल तक के बच्चों को रक्षा-बंधन पर्व के लिए राज्य परिवहन की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
यह सुविधा 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से लेकर 29 अगस्त रात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। उधर परिवहन विभाग ने रक्षा बंधन त्यौहार को लेकर बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश यातायात निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को दिए हैं।
मौजूदा वक्त मेवात जिले में 98 बसें हैं, जिनमें 85 बसें ऑन रूट चल रही हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान हरियाणा राज्य परिवहन मेवात द्वारा विभिन्न रुटों पर विशेष बसे चलाई जाएगी, ताकि महिलाओं को आने जाने में किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा प्रदान किए गए इस अवसर का लाभ उठाए।