दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने लोगों से ठगी करने वाले एमबीए डिग्री होल्डर युवक को दबोचा है। आरोपी लोगों को फर्जी एयर टिकट जारी कर जालसाजी करता था। आरोपी पर काफी लोगों से एक करोड़ से ज्यादा रुपयों की ठगी का आरोप है। उसके खिलाफ दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र व पुड्डूचेरी समेत कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। कोर्ट ने बाराखंभा थाने में दर्ज ठगी के एक मामले में जालसाज को 8 मार्च को भगोड़ा घोषित कर दिया था।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन के अनुसार, एसीपी अनिल डुरेजा की टीम ने जालसाज खजूरी खास निवासी संदीप कुमार झा (30) को सनलाइट कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि वह कनॉट प्लेस स्थित एक ट्रैवल्स एजेंसी में करता था। इस दौरान उसने लोगों को फर्जी एयरलाइन टिकट जारी किए और काफी लोगों को ठगा। पूछताछ में संदीप कुमार झा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। शुरू में उसने लोगों को सस्ते में एयर टिकट दिया। जब लोगों को उस पर भरोसा हो गया तो उसने लोगों को फर्जी एयर टिकट देना शुरू कर दिया।
पुलिस ने इसके खिलाफ बाराखंभा थाने में दर्ज 30.06 लाख, जयपुर, राजस्थान में दर्ज 60 लाख रुपये, पुणे, महाराष्ट्र में दर्ज 10.26 लाख और पुड्डूचेरी में दर्ज 17.5 लाख रुपये की ठगी के मामलों को सुलझाने का दावा किया है। आरोपी ने वर्ष 2009 में मेरठ से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। वर्ष 2015 में उसने पत्राचार से हॉस्पिटैलिटी में एमबीए की डिग्री हासिल की। वर्ष 2009 से 2018 तक उसने दिल्ली में स्थित एक फाइव स्टार होटल में काम किया।