नई दिल्ली से कानपुर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में मंगलवार शाम एक यात्री की तबियत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन को गाजियाबाद स्टेशन पर रोककर यात्री प्रमोद को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया।
यात्रियों ने इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए प्लेटफार्म पर हंगामा किया। इसके चलते ट्रेन आधे घंटे देरी से गंतव्य को रवाना हुई।
दिल्ली के सराय रोहिल्ला-59, सेक्टर-9 सुखधाम अपार्टमेंट प्लाट नंबर-1 रोहिणी निवासी प्रमोद कुमार उर्फ सनन पुत्र ओम प्रकाश ट्रेन के सी-4 में सीट नंबर25 पर कानपुर जा रहे थे।
आनंद विहार के पास प्रमोद की तबियत बिगड़ गई। सूचना दिल्ली में अफसरों को दी गई। वहां से गाजियाबाद के सूचना मिली। आरोप है कि अफसरों ने प्रमोद को ट्रेन से नहीं उतारा तो ट्रेन चल पड़ी। इस पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और हंगामा किया। इसके बाद अफसर प्रमोद को अस्पताल ले गए।
आरपीएफ कमांडर विशोक गुप्ता का कहना है कि प्रमोद के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। डाॅक्टर के मुताबिक उसका बीपी लो हो गया था। अब ठीक है। उधर, स्टेशन अधीक्षक एसएफ तिरकी का कहना है कि ट्रेन के पहुंचते ही उसे अटेंड किया गया। ट्रेन समय पर रवाना हो गई।