गुड़गांव में मतगणना केंद्र की ओर से जाने वाले रास्तों का फुलप्रूफ ट्रैफिक प्लान बनाया गया है। ओल्ड और न्यू रेलवे रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों को इस दौरान कुछ परेशानी हो सकती है।
पुलिस ने इन रास्तों पर 15 नाके लगाए हैं। सुबह से हर नाके पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच होगी। सुबह 11 से शाम पांच बजे तक ओल्ड रेलवे रोड पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अगर अधिक भीड़ हुई तो छोटे वाहनों के प्रवेश को भी रोका जा सकता है।
द्रोणाचार्य कॉलेज में ईवीएम रखवाई गई हैं। यहां शुक्रवार की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। इस दौरान किसी प्रकार की कोई अनहोनी या दूसरी घटना न हो, इसके लिए पुलिस ने दोनों रेलवे रोड के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान बनाया है।
सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी एसीपी क्राइम राजेश कुमार ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर 15 नाके लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि दौलताबाद से सेक्टर चार-सात चौक तक आने में किसी प्रकार के वाहन पर कोई पाबंदी नहीं है। जो भारी वाहन सदर बाजार या दूसरे हिस्सों में जाना चाहते हैं वे चौक से सेक्टर नौ होते हुए सेक्टर-10ए के रास्ते एक्सप्रेसवे से राजीव चौक की ओर निकल सकते हैं।
दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन बाबा प्रकाशपुरी चौक से सेक्टर पांच-पालम विहार के रास्ते कापसहेड़ा बॉर्डर से दिल्ली जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हार-जीत के फैसले के समय अगर अधिक भीड़ होती है तो कुछ समय के लिए छोटे वाहनों का प्रवेश भी रोका जा सकता है। रेलवे रोड की ओर से आने वाले ऐसे वाहन न्यू कॉलोनी मोड़ से मदनपुरी के रास्ते पटौदी चौक होते हुए सोहना चौक से शहर की ओर आ सकते हैं। इसी तरह शहर से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन सोहना चौक से पटौदी चौक से न्यू कॉलोनी मोड़ होकर गुजर सकते हैं।
यहां लगाए गए हैं नाके
जय सिनेमा (सेक्टर 4-7) चौक, भूतेश्वर मंदिर चौक, सेठी चौक, मस्जिद चौक, शिव मूर्ति चौक, प्रेम मंदिर के अपोजिट, न्यू कॉलोनी मोड़, भीमनगर मोड़, जयकिशन कटारिया हाउस, द्रोणाचार्य कॉलेज के पास, डाकघर चौक, राजीव चौक, पुलिस हेडक्वार्टर (राव धर्मपाल की कोठी) के सामने।