संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार, 12 अक्तूबर के लिए एडवाइजरी जारी की है। सुबह 6 बजे से नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के 30 अहम पाॅइंट और उनके आसपास के हिस्सों में यातायात प्रभावित रहेगा। हालात के हिसाब से डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
इन जगहों पर पड़ेगा असर
पुलिस ने जिन पाॅइंट को प्रभावित बताया है, उनमें शंकर रोड-वंदे मातरम मार्ग टी-पाॅइंट (नई दिल्ली की ओर), धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-पाॅइंट), राम चरण अग्रवाल चौक (ए-पाॅइंट), मिंटो रोड/दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड-आउटर सर्कल सीपी टी-पाॅइंट, भैरों रोड-एमजीएम (रिंग रोड) टी-पाॅइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर और नीला गुंबद शामिल हैं।
इनके अलावा मदरसा टी-पाॅइंट, सम्राट होटल, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस अंडरपास, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे, रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग, अशोका रोड-जंतर मंतर रोड, विंडसर पैलेस, टॉलस्टाॅय-जनपथ क्रॉसिंग, रेल भवन, जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, बाराखंभा रोड टी-पाॅइंट, गोल डाकखाना, पटेल चौक, जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पाॅइंट, आरएमएल अस्पताल और आउटर सर्कल सीपी-संसद मार्ग टी-प्वाइंट के आसपास भी आवाजाही प्रभावित रह सकती है।
यात्रियों के लिए सलाह
पुलिस ने रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने वालों को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के रास्ते अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील भी की गई है। पुलिस के मुताबिक यातायात प्रतिबंध जमीनी हालात का आकलन कर कड़े या ढीले किए जाएंगे। लाइव अपडेट और वैकल्पिक रूट के लिए लोग traffic.delhipolice.gov.in और दिल्ली पुलिस के एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम देख सकते हैं। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर कॉल कर जानकारी ले सकते हैं।