दिल्ली-अलीपुरद्वार सिक्किम महानंदा और अवध-असम एक्सप्रेस मंगलवार को गाजियाबाद नहीं आएगी। सिक्किम महानंदा मंगलवार को दिल्ली से रद्द रहेगी।
दूसरी ओर, अवध-असम एक्सप्रेस सोमवार को न्यू तिनसुकिया से रद्द रही। ऐसे में यह ट्रेन भी मंगलवार को गाजियाबाद नहीं पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक लगातार लेट होने की वजह से दिल्ली से अलीपुरद्वार जाने वाली सिक्किम महानंदा मंगलवार को रद्द कर दी गई।
त्योहारी सीजन में अचानक रद्द की गई ट्रेन के चलते यात्रियों को यात्रा भी निरस्त करनी पड़ी। देरी की वजह से ही सोमवार को अवध-असम का संचालन निरस्त कर दिया गया। यह ट्रेन सोमवार को न्यू तिनसुकिया से चलकर मंगलवार की दोपहर गाजियाबाद पहुंचनी थी।
पंजाब में किसान आंदोलन से रद्द हुई जालंधर सुपर
पंजाब में किसान आंदोलन की वजह से सोमवार को जालंधर सुपर रद्द कर दी गई। दोनों ओर से इसका संचालन निरस्त रहा। नई दिल्ली से जालंधर के बीच चलने वाली यह ट्रेन गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर के स्टेशनों पर भी रुकती है।
आंदोलन की वजह से अचानक निरस्त हुई इस ट्रेन की वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेन की जानकारी के लिए पूछताछ केंद्र पर भीड़ रही।