राम बारात मंगलवार शाम सात बजे से निकलेगी, लिहाजा जीटी रोड और अंदरूनी मार्गों पर जाम मिल सकता है। बाजार का काम दोपहर में ही निबटा लें, ताकि जाम से न जूझना पड़े।
दरअसल, जिन-जिन स्थानों से राम बारात निकलेगी, उन रास्तों पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोक दिया जाएगा। पुलिस के लिए भी मशक्कत होगी, क्योंकि उसे पंचायत चुनाव में भी ड्यूटी को जाना है।
बैंड बाजा और झांकियों के साथ मंगलवार को सुल्लामल रामलीला कमेटी द्वारा राम बारात निकाली जाएगी। देवी देवताओं की 81 झांकियों से सुसज्जित राम बरात ठाकुरद्वारा मंदिर से शुरू होगी।
दिल्ली गेट, चौपला मंदिर, डासना गेट, रमते राम रोड, राइटगंज, बजरिया, कीर्तन वाली गली से होते हुए वापस घंटाघर रामलीला मैदान में पहुंचेंगी। इस दौरान जहां भी बारात होगी, वहां का ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।
मीडिया प्रभारी श्रीकांत राही ने बताया कि राम बारात में दिल्ली, हरिद्वार, मेरठ, मुजफ्फरनगर, कानपुर आदि शहरों का बैंड शामिल होगा।
साथ ही मेरठ, सिकंदराबाद, बदायूं, नजीबाबाद, बरेली और दिल्ली की झांकी शामिल होगी। प्रधान अजय बंसल ने बताया कि इस बार एटा से माता काली का अखाड़ा नाम की झांकी लोगों को लुभाएगी।