नोएडा परिवहन विभाग में मंगलवार से वाहन मालिकों को आकर्षक नंबर पाने का मौका मिलेगा। वीआईपी नंबर पाने के लिए लोगों को ऑनलाइन बुकिंग का विकल्प मिलेगा। मंगलवार से प्राइवेट वाहनों के लिए बीएफ सीरीज की बुकिंग शुरू होगी। वहीं, वीआईपी नंबर पाने के लिए आवेदक बुधवार सुबह दस बजे सेऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
दरअसल, वाहनों के आकर्षक नंबरों के लिए उत्तर प्रदेश विशेषकर नोएडा में जबरदस्त मांग रहती है। महंगी कारों का शौक रखने वाले मनचाहे नंबर पाने के लिए मोटी रकम खर्च करते हैं। बावजूद इसके ऐसे नंबरों के लिए लोग ऊंची सिफारिशें भी लगवाते हैं।
नोएडा में महंगी कारों पर आकर्षक नंबरों के क्रेज का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि बीते करीब पांच साल में ऐसे नंबरों से करोड़ों रुपये का राजस्व विभाग को मिला है। मंगलवार से बीएफ सीरीज की 9999 नंबर जारी किए जाएंगे। इसके लिए विभाग में एक बार फिर से फैंसी नंबरों की दौड़ शुरू होगी।