गाजियाबाद के स्कूलों में फीस वृद्धि का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। संजयनगर सेक्टर-23 स्थित रामकिशन इंस्टीट्यूट में 33 फीसदी फीस वृद्धि के खिलाफ अभिभावकों का आंदोलन और तेज हो गया है।
मंगलवार को अभिभावकों ने स्कूल गेट पर प्रबंधन की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया। यज्ञ में अभिभावकों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
फीस बढ़ोतरी पर रुख में बदलाव नहीं होने से गुस्साए अभिभावकों ने बुधवार को प्रबंधन की शवयात्रा निकालने और पुतला दहन का ऐलान किया।
अभिभावकों में नौवीं से बारहवीं तक की फीस 1800 रुपये से बढ़ाकर 2400 रुपये करने, स्कूल परिसर से महंगी स्टेशनरी और किताबें बेचने और एनुअल चार्ज भी 2 हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने को लेकर भारी रोष है।
इसी को लेकर अभिभावकों ने प्रबंधन की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया। यज्ञ के बावजूद प्रबंधन फीस बढ़ोतरी के फैसले पर कायम है।
स्कूल परिसर से निकलेगी शव यात्रा
अभिभावक और पीपुल फ्रंट ऑफ इंडिया के जिला महासचिव हरीश शर्मा ने बताया कि बुद्धि शुद्धि यज्ञ के बावजूद प्रबंधन का रुख जस का तस है।
इसी के चलते सभी अभिभावकों ने बुधवार को प्रबंधन की शवयात्रा निकालने और पुतला दहन का निर्णय लिया है।
शवयात्रा स्कूल से शुरू होकर स्कूल के निदेशक के कविनगर स्थित घर तक निकाली जाएगी। साथ ही स्कूल परिसर के बाहर और स्कूल निदेशक के घर के बाहर भी पुतला दहन किया जाएगा।