प्राधिकरण की नीतियों के खिलाफ और आबादी बचाओ की मांग को लेकर किसान एक बार फिर प्राधिकरण को घेरने की तैयारी में हैं। सोमवार को करीब 81 गांवों के किसान प्राधिकरण कार्यालय पर कूच करेंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भी किसान इस आंदोलन में शामिल होने आ रहे हैं। सुबह 11:30 बजे नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर चार से पैदल मार्च करते हुए किसान सेक्टर-6 स्थित प्राधिकरण कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान शहर में जगह-जगह जाम भी लग सकता है।
किसान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सुखवीर पहलवान ने बताया कि पैदल मार्च करते हुए झुंडपुरा के रास्ते किसान प्राधिकरण दफ्तर के लिए रवाना होंगे। समिति के अध्यक्ष सुधीर खलीफा ने बताया कि किसान अपने हक की लड़ाई को जारी रखेंगे।
किसानों में प्राधिकरण के प्रति रोष पनप रहा है। इस आंदोलन में दूर-दराज के किसान ट्रैक्टर ट्रालियां, बुग्गियां, बस और अपने निजी वाहन लेकर पहुंचेंगे। पहले स्टेडियम के पास महापंचायत की जाएगी। इसके बाद नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च शुरू किया जाएगा।
किसान नेताओं का कहना है कि इससे पहले 27 सितंबर को आंदोलन में प्राधिकरण ने आश्वासन दिया था। लेकिन, आज तक अमल नहीं किया जा सका है। अशोक चौहान ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविंद्र वशिष्ठ ने बताया कि इस दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।