रेल यात्रियों को बुधवार को फिर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी, पद्मावत, सत्याग्रह एक्सप्रेस समेत 8 ट्रेनें कैंसल रहेंगी। रेलवे ने कोहरे के सीजन के चलते इन ट्रेनों को कैंसल किया है।
तकरीबन एक महीने से रोजाना 4 से 10 ट्रेनें कैंसल रहती हैं। ऐसे में यात्री परेशान है। अब 29 फरवरी के बाद ही सभी ट्रेनें फिर से पटरी पर लौटेंगी।
बुधवार को नई दिल्ली-देहरादून नंदा देवी, नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी, आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस, आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण, फरक्का, पद्मावत एक्सप्रेस, सत्याग्रह, देहरादून नहीं चलेंगी।
फॉगी सीजन में रेलवे ने लंबी दूरी की कई ट्रेनों का संचालन सप्ताह में एक से दो दिन के लिए कैंसल किया है। हालांकि इस साल कोहरा कम होने से कई ट्रेनों को समय से पहले ही री-स्टोर कर दिया है। बाकी ट्रेनों का संचालन अब 29 फरवरी के बाद सामान्य हो जाएगा।
मेरठ रूट पर ट्रायल सफल, दौड़ेंगी मेमू
मेरठ रूट पर इलेक्ट्रिक मालगाड़ी का ट्रायल सफल रहा। अब इस रूट पर मालगाड़ियों का संचालन नियमित कर दिया गया है। गाजियाबाद से रोजाना एक मालगाड़ी मेरठ रूट पर रवाना की जा रही है।
अब जल्द ही इलेक्ट्रिक पैसेंजर ट्रेन (मेमू) का संचालन करने की तैयारी है। इस रूट के विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद 26 नवंबर को सीआरएस ने निरीक्षण किया था। उन्होंने मालगाड़ी के संचालन की इजाजत दे दी थी।
बीते शुक्रवार को अधिकारियों ने गाजियाबाद से मेरठ तक पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन के साथ मालगाड़ी का संचालन किया। डीटीएम डीके चोपड़ा ने बताया कि इस रूट पर अब रोजाना इलेक्ट्रिक मालगाड़ी का संचालन किया जा रहा है।
गाजियाबाद-मेरठ रूट पर अब मेमू की तैयारी
रेलवे सूत्रों की मानें तो गाजियाबाद से मेरठ मार्च तक मेमू का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। हापुड़ रूट पर ईएमयू के संचालन के लिए एक ईएमयू रैक कार शेड में तैयार है। इससे मेरठ और हापुड़ रूट एक लाख से ज्यादा लोगों को लोगों को राहत मिलेगी।