एक व्यक्ति लखीमपुर खीरी से किशोरी को पढ़ाने के लिए लाया और उसे नौकरानी बना दिया। आरोप है कि काम ठीक से न करने पर आरोपी ने उससे मारपीट करके उसे प्रताड़ित भी किया है। खाना मांगने पर उसके कान और नाखूनों को प्लास से नोचा जाता था। किशोरी किसी तरह घर से भागी, जो बचपन बचाओ समिति के सदस्य को मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से लखीमपुर खीरी निवासी आरएस मित्तल यहां सेक्टर-137 की सोसायटी में रहते हैं। वह अपने गांव से एक किशोरी को करीब डेढ़ माह पहले पढ़ाने के लिए लाए थे मगर घर पर लाकर उसे नौकरानी बना दिया।
गलती होने पर किशोरी को पीटा जाता था। आरोप है कि पीड़िता जब खाना मांगती तो आरोपी उसके कान और नाखूनों को प्लास से नोचता था। परेशान होकर किशोरी ने 7 सितंबर को सिोसायटी से जान बचाकर भागने का प्रयास किया था लेकिन इस बात की जानकारी सुरक्षा गार्ड ने आरोपी को दे दी, जिसके बाद उसने बच्ची को जमकर पीटा और खाना भी नहीं दिया।
रात में किसी तरह मौका पाकर पीड़िता घर से कपड़े के सहारे नीचे उतरकर भाग गई। बचपन बचाओ समिति के सदस्य मेंहदी हसन को किशोरी मिली तो उन्होंने सूरजपुर थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया।