ईएसआई अस्पताल और जिला अस्पताल में डेंगू के 94 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। ईएसआई अस्पताल की लैब से मिली जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को डेंगू के 78 मरीजों की पुष्टि हुई है।
वहीं, जिला अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट डॉ. एचएम लवानिया ने बताया कि 43 रोगियों के ब्लड के नमूनों की जांच की गई थी, जिनमें से 16 रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। ईएसआई में डेंगू पॉजिटिव रोगियों की संख्या 389 हो गई है। अब तक करीब 900 रोगियों के ब्लड के नमूनों की जांच की गई है।
वहीं, जिला अस्पताल में डेंगू पॉजिटिव रोगियों की संख्या बढ़कर 200 हो गई है। ऐसे में शहर के अस्पतालों की ओर से पॉजिटिव किए गए डेंगू रोगियों की संख्या 750 तक पहुंच गई है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विभाग दिल्ली के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) में अब वही ब्लड के नमूने काउंटर जांच के लिए भेजेगा, जिनमें एलाइजा किट से डेंगू की जांच हुई होगी। डेंगू रैपिड किट से पॉजिटिव नमूने जांच के लिए नहीं भेजे जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में निजी अस्पतालों को आदेश जारी कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के जिला मलेरिया विभाग ने शुक्रवार को ईएसआई अस्पताल के डेंगू रोगियों के ब्लड के नमूने वापस लौटा दिए।
ईएसआई स्टाफ के मुताबिक, उनसे यह कहा गया कि काउंटर जांच के लिए एलाइजा किट से पॉजिटिव हुए ब्लड के नमूने ही लिए जाएंगे। सीएमओ डॉ. आरके गर्ग ने कहा कि वायरल बुखार में भी डेंगू रैपिड किट से जांच पॉजिटिव आती है। एलाइजा किट से डेंगू की जांच ही मान्य है। यही वजह है कि रैपिड कार्ड से पॉजिटिव हुए नमूने लेने से मना कर दिया गया है।
ईएसआई में एलाइजा की व्यवस्था नहीं
सेक्टर-24 स्थित ईएसआई अस्पताल में एलाइजा मशीन नहीं है। ऐसे में यहां एलाइजा किट से जांच संभव नहीं है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, ऐसी स्थिति में यदि उन्हें काउंटर जांच करानी होगी तो सीधे ब्लड के नमूने उन्हें एनसीडीसी भेजने होंगे।
स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल
ईएसआई समेत निजी अस्पतालों ने स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठाए हैं। अस्पतालों के अधिकारियों का कहना है कि यदि अस्पताल एलाइजा किट से जांच करेंगे तो उन्हें काउंटर जांच के लिए ब्लड के नमूने जिला मलेरिया विभाग भेजने की जरूरत ही क्यों पड़ेगी।