ग्रेटर नोएडा के सिग्मा सेक्टर में शुक्रवार को कार सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर इंस्टीट्यूट के कैशियर से तीन लाख रुपये लूट लिए। कासना कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जैतपुर निवासी मनोज शर्मा नॉलेज पार्क के जीएनआईटी कॉलेज और सिग्मा स्थित जीएन वर्ड स्कूल के कैशियर है। शुक्रवार को वह कॉलेज से शिक्षकों की सैलरी के लिए तीन लाख रुपये लेकर कार से स्कूल रवाना हुए। स्कूल से 200 मीटर दूरी पर पहले से खड़ी एक सफेद रंग की ऑल्टो कार सवार चार युवकों ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर कैशियर की कार को रुकवा लिया।
मनोज द्वारा गेट नहीं खोलने पर बदमाशों ने फिर हवाई फायरिंग की और धमकाकर दरवाजा खुलवा लिया। युवक कार में रखा रुपयों का बैग लूटकर ले गए। मनोज ने संस्थान और पुलिस को सूचना दी।
एसएसपी डॉ. प्रितिंदर सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। एसएसपी ने कहा कि लूट के तरीके को देखकर साफ है कि कैशियर की रैकी कर वारदात को अंजाम दिया गया। यह भी संभव है कि कैशियर के आसपास के लोग इसमें शामिल हाें।