महानगर की पहचान जल्द ही एफओबी के शहर के रूप में बन जाएगी। नगर निगम और प्राइवेट कंपनियां मिलकर गाजियाबाद में 18 स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज बनाएंगे।
सड़क हादसों को रोकने और पैदल यात्रियों की सहूलियत के लिए बनने वाले एफओबी के लिए दो नए स्थान भी चिह्नित किए गए हैं। इनमें से तीन एफओबी जल्द ही शुरू किए जाएंगे। इनके शुरू हो जाने के बाद शहर में रनिंग एफओबी की संख्या 7 हो जाएगी।
गाजियाबाद में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली से यूपी के कई शहरों समेत उत्तराखंड राज्य में जाने वाले वाहन भी यहीं से गुजरते हैं।
ऐसे में शहर के चौराहे भी अति व्यस्त हो गए हैं। ऐसे में नगर निगम ने पीपीपी मॉडल पर प्राइवेट कंपनियों के साथ मिलकर पहले 16 एफओबी के लिए जगह चिह्नित की थी। अब मेरठ तिराहा सिग्नल फ्री हो जाने के बाद नगर निगम ने हिंडन विहार और राजनगर एक्सटेंशन चौराहे को भी एफओबी के लिए चिह्नित कर लिया है।
हापुड़ चुंगी और लालकुआं एफओबी जल्द होगा शुरू
हापुड़ चुंगी और लालकुआं चौराहे के पास ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से एफओबी बनाए जा रहे हैं। इनका निर्माण अंतिम चरण में है।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक अक्तूबर महीने में इन एफओबी को पब्लिक के लिए चालू कर दिया जाएगा। उधर, हिंडन विहार के सामने भी एफओबी का निर्माण शुरू कर दिया गया है। पहले इस एफओबी के निर्माण पर कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया था।
यहां भी बनेंगे एफओबी
जीटी रोड ऑप्यूलेंट मॉल के पास, नया बस अड्डा, अर्थला, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन, घंटाघर , राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, सेक्टर-1 वैशाली, साहिबाबाद सब्जी मंडी के सामने, विजय नगर बाईपास, एबीईएस कट, हिंडन विहार, हापुड़ चुंगी
यहां चालू हुए एफओबी
कलक्ट्रेट के सामने, जीडीए के सामने, मोहन नगर चौक, साहिबाबाद गांव, वैशाली सेक्टर-4, महाराजपुर, वैशाली मेट्रो