68 फीट ऊंची एशिया की सबसे बड़ी धूप घड़ी है सम्राट यंत्र
सम्राट यंत्र एशिया की सबसे बड़ी धूप घड़ी है। इससे राजा-महाराजा ध्रुव तारा देखा करते थे। वहीं, यह भारतीय समय भी बताता है। इसके द्वारा दिन के सही समय की माप सूर्य के झुकाव से की जाती थी। जिसकी छाया संरचना के ऊपर पड़ती थी। यह 68 फीट ऊंचा, जिसका लगभग 60 फीट भाग धरातल की सतह से ऊपर है। इसके प्रत्येक किनारों पर घंटा, डिग्री व मिनट के चिन्ह क्रमिक रूप से अंकित हैं।
खगोलीय घटना के बारे में मिलती है जानकारी
यहां मुख्य रूप से मिश्र यंत्र, सम्राट यंत्र, जयप्रकाश यंत्र व राम यंत्र हैं। यह सभी यंत्र मौसम के साथ ग्रह-नक्षत्र की सूक्ष्मतम गणना, सूर्य व चंद्र ग्रहण समेत कई तरह की खगोलीय घटना के बारे में बताते हैं। इन यंत्रों में जयप्रकाश यंत्र का व्यास लगभग 6.33 मीटर है। इसका उपयोग खगोलीय पिंडों, स्थानीय समय व राशिवलयों का समन्वयात्मकता मापने के लिए किया जाता था। इसी तरह राम यंत्र ग्रह व उपग्रह के बारे में जानकारी देता था।
विशेषज्ञ इन यंत्रों पर कार्य कर रहे हैं। यह प्रयास सफल रहा तो जल्द यह वेधशालाएं सुचारू रूप से कार्य करेंगी। ऐतिहासिक दृष्टि से यह महत्वपूर्ण है। जयपुर के जंतर मंतर की तर्ज पर संरक्षित करने की योजना है। जंतर-मंतर को अपने पुराने रूप में लाना है। -प्रवीण सिंह, दिल्ली सर्कल चीफ व सुपरिटेंडेंट आर्कियोलॉजिस्ट, एएसआई