दिल्ली तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि एक कैदी ने दूसरे कैदी की पुरानी रंजिश के चलते चाकू मार कर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक सेंट्रल जेल नंबर 8-9 में सुबह 6 बजे कैदी जाकिर ने एक नुकीले धातु के हथियार से मोहम्मद मेहताब के पेट और गर्दन पर कई वार किए।
तिहाड़ जेल के डीजी संदीप गोयल की मुताबिक जाकिर को हाल ही में जेल नंबर 5 से जेल नंबर 8-9 में शिफ्ट किया गया था। डीजी ने बताया कि मेहताब की गर्दन पर घाव गहरे थे, पहले उसे जेल की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया। जिसके बाद उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गोयल ने बताया कि हमले के पीछे की वजह पुरानी, व्यक्तिगत दुश्मनी है। जाकिर के खिलाफ हरि नगर पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। डीजी ने बताया कि मामले में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट द्वारा पूछताछ की जा रही है।
मेहताब साल 2014 में अंबेडकर नगर में दुष्कर्म के मामले में आरोपी था और तब से ही जेल में था। जबकि जाकिर जैतपुर में हत्या के आरोप में साल 2018 से जेल में है।