साकेत कोर्ट ने रोहित शेखर तिवारी की पत्नी अपूर्वा शुक्ला की मनोवैज्ञानिक समस्याओं का बेहतर अस्पताल में उपचार के लिए तिहाड़ जेल प्रशासन को निर्देश दिए हैं। अपूर्वा को रोहित की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वर्तमान में वह तिहाड़ जेल में बंद है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संदीप यादव ने बृहस्पतिवार को तिहाड़ जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि रोहित की पत्नी अपूर्वा का उपचार तिहाड़ की डिस्पेंसरी और दीन दयाल अस्पताल के अलावा अन्य किसी बेहतर अस्पताल में करवाया जाए।
कोर्ट में इस दौरान तिहाड़ जेल प्रशासन ने दलील दी कि अपूर्वा का उपचार पहले से ही तिहाड़ में मनोचिकित्सक से करवाया जा रहा है। इसके साथ ही जेल प्रशासन ने कहा कि अपूर्वा के गुस्से पर नियंत्रण न होने, रात में नींद नहीं आने और बुरे सपने दिखाई देने की समस्या को लेकर जेल में ही उनके मनोचिकित्सा सत्र करवाए जा रहे हैं।
अपूर्वा शुक्ला की ओर से यह याचिका उनके वकील महमूद प्राचा की ओर से दायर की गई। उन्होंने याचिका में अपूर्वा की मनोवैज्ञानिक समस्याओं का इलाज बेहतर अस्पताल में करवाने की मांग की।
उन्होंने कोर्ट को बताया कि उनके मुवक्किल की हालत दिनोंदिन बेहद नाजुक होती जा रही है और तिहाड़ में दिए जा रहे उपचार से उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा है, लिहाजा उनके अन्य अस्पताल में बेहतर उपचार के लिए निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने बताया कि अपूर्वा डिप्रेशन की भी शिकार हो रही हैं। उन्हें तिहाड़ में जो दवाएं दी जा रही हैं, उनसे उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है।