किसानों को दिल्ली कूच से रोकने के लिए पुलिस अलर्ट पर, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
दिल्ली आ रहे कुछ किसानों को हिरासत में लिया, पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। किसान आंदोलन के मद्देनजर मंगलवार को किसानों के दिल्ली कूच को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। दिल्ली के तमाम बॉर्डर खासकर दिल्ली-हरियाणा सीमा से सटे सिंघु और औचंदी बॉर्डर के साथ-साथ पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर पूरे दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। इन बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस और यातायात पुलिस के जवान बड़ी संख्या में तैनात रहे।
इन बॉर्डर पर पुलिस ने सुबह से ही कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। आपात स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और वज्र वाहन तैनात किए गए। अन्य राज्यों से दिल्ली आने वाले छोटे से लेकर बड़े वाहनों की सघन जांच की गई। वहीं बसों को रोककर यात्रियों के पहचान पत्रों का सत्यापन भी किया गया।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि सिंघु बॉर्डर पर कुछ किसान प्रदर्शनकारी किसान घाट की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था और लागू निर्देशों के तहत पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद एहतियात के तौर पर सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिंघु समेत अन्य बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की गई थी। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेड लगाए गए थे, ताकि वाहनों की व्यवस्थित तरीके से जांच की जा सके। पुलिस टीम हर वाहन की जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही थी। बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों में यात्रा कर रहे लोगों के पहचान पत्र भी जांच की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी व्यवस्था केवल एहतियात के तौर पर की गई थी, ताकि राजधानी की सुरक्षा में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो सके।
यातायात पर भी दिखा असर
सुरक्षा जांच का असर यातायात पर रहा। जांच के कारण कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार सामान्य दिनों की तुलना में धीमी रही और लोगों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। कुछ जगहों पर जाम लगा। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और अन्य यात्रियों को जांच प्रक्रिया के चलते दिक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यातायात लगातार चल रहा था और किसी बड़े व्यवधान की स्थिति नहीं बनी। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी की सुरक्षा को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।