दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख बॉर्डर पर भी बढ़ाई गई चौकसी, रामलीला मैदान और इसके आसपास चार हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की महारैली के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख बॉर्डर से लेकर मध्य दिल्ली तक पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां तैनात रहीं। दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने भी मोर्चा संभाला। संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ राजधानी में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के मार्च और रैली स्थल तक पहुंचने के दौरान भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।
रैली में दिल्ली के अलावा एनसीआर और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पहले से तैयारी की थी। यूपी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस, यूपी पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। रविवार होने के बावजूद नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की आवाजाही अधिक रही। रैली में शामिल होने आ रही एक बस के खराब होने से जाम लग गया, जिससे करीब आधे घंटे तक वाहन चालकों को परेशानी हुई।
मध्य दिल्ली में 10 हजार जवानों की तैनाती
राजधानी के मध्य और नई दिल्ली क्षेत्र में करीब 10 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए। इनमें दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवान शामिल रहे। अकेले रामलीला मैदान और आसपास चार हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान तक के रास्ते पर भी कड़ा पहरा रहा। कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, भगवान दास रोड, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ाई गई।
200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
रामलीला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और एआई आधारित चेहरा पहचान प्रणाली का भी इस्तेमाल किया गया। रैली स्थल को 14 सुरक्षा जोन में बांटकर निगरानी की व्यवस्था की गई। संवेदनशील इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 भी लागू रही।
प्रमुख बॉर्डर पर विशेष चौकसी
सिंघु, टिकरी, गाजीपुर, चिल्ला, बदरपुर, कालिंदी कुंज और कपासहेड़ा बॉर्डर पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई। इन मार्गों से हरियाणा, गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम की ओर से आने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। हालांकि, सभी बॉर्डर पर बीएसएफ की तैनाती की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।