जेवर के एक गांव में दर्जनों गाय छोड़ने को लेकर विवाद हो गया। विरोध के चलते तीन गांवों के लोग एक दूसरे की जान लेने पर उतारू हो गए।बृहस्पतिवार देर रात हुए इस बवाल में अवैध हथियारों से जमकर फायरिंग हुई।
दो घंटे तक चले हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इस बीच ट्रॉली में दम घुटने से एक गाय की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार रात गौतमबुद्ध नगर की सीमा से सटे अलीगढ़ के गांव मौर के कुछ लोग छूटी हुई दर्जनों गाय को ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर जेवर के दयौरार गांव के खेतों में उतार रहे थे।
किसानों को पता चला तो मच गया बवाल
खेत पर मौजूद कुछ किसानों को इसका पता चल गया तो उन्होंने गाय को अपने जंगल में उतराने से मना कर दिया। इसके चलते उन गायों को लेकर दयौरार व भंवोकरा गांव के बीच रजवाहे पर उतारने लगे।
वहां पर भी उन लोगों को विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध करते हुए किसानों ने उनके साथ मारपीट कर दी। किसानों के शोर मचना पर दयौरार ओर भंवोकरा के सैकड़ों किसान रजवाहे पर पहुंच गए। इसी बीच मौर गांव के लोगों ने अपने गांव से भी कुछ लोगों को फोन कर बुला लिया।
कुछ लोग अवैध हथियार लेकर मौके पर पहुंचे थे। तीनों गांवों के लोगों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। तीनों गांवों के बाच हवाई फायरिंग और विवाद की सूचना किसी ने जेवर पुलिस को दे दी।
एक गाय ने तोड़ दिया दम
सूचना मिलने पर जेवर कोतवाल भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घंटों प्रयास के बाद पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत किया।
ग्रामीणों के विवाद के दौरान दम घुटने से एक गाय ने ट्रैक्टर ट्रॉली में ही दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस के मुताबिक देर रात दयौरार व भंवोकरा गांव के बीच अलीगढ़ के कुछ लोग दर्जनों गाय को छोड़ने आए थे।
इस दौरान दोनो गांव के लोगों में विवाद हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर तीनों गांव के लोगों का विवाद खत्म करा दिया। पुलिस को किसी की तरफ से शिकायत नहीं मिली है। फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं हुई है।