फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में इमारत ढहने से तीन की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली के सदर बाजार इलाके में रविवार दोपहर निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत जमींदोज हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत 12 घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर है।
विज्ञापन


घायलों को बाड़ा हिंदूराव अस्पताल, आरएमएल, एलएनजेपी और कश्मीरी गेट स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, हताहतों में ज्यादातर बिल्डिंग में काम करने वाले मजदूर हैं।

पुलिस के मुताबिक, एक मंजिला बनी पुरानी इमारत पर अवैध रूप से दो और मंजिल बनाने के दौरान हादसा हुआ। रविवार देर शाम तक बचाव दल इमारत का मलबा हटाने में जुटा रहा। सदर बाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन

काफी समय बाद पहुंची डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम

हादसा दोपहर करीब 12.30 बजे सदर बाजार स्थित बाराटूटी चौक पर बरना गली में हुआ। यहां मकान नंबर-4003 में करीब 50 गज की तीन मंजिल की इमारत गिर गई। गली से गुजर रहे दो लोग भी मलबे की चपेट में आ गए।

कुछ ही देर में स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस और दमकलकर्मी भी पहुंच गए। एमसीडी का राहत दल घटनास्थल पर देर से पहुंचा। स्थानीय लोगों व बचाव दल ने घायलों को मलबे से निकालकर बाड़ा हिंदूराव अस्पताल, आरएमएल, एलएनजेपी और कश्मीरी गेट स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।

काफी समय बाद डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम भी वहां पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की शिनाख्त बेगू सराय (बिहार) निवासी बबलू पासवान (25), बदायूं (यूपी) निवासी कुंवरपाल (50) और उसके बेटे अशोक (25) के रूप में हुई है।

टुकड़ी और गाटर डालकर शुरू कर दिया निर्माण

छानबीन में पुलिस को पता चला कि कुछ दिन पहले बाबूलाल और राजेंद्र ने 50 गज के पुराने मकान को खरीदा था, जो 25-25 गज के दो हिस्सों में था।

राजेंद्र व बाबू ने पुराने मकान के कुछ हिस्से को तोड़कर उसी पर दुबारा टुकड़ी और गाटर डालकर निर्माण शुरू कर दिया था। स्थानीय लोगों की मानें तो चंद दिनों में एक के बाद दो मंजिलें बना दी गईं।

जानकारों के मुताबिक, घटिया निर्माण सामग्री और जल्दबाजी में हुए निर्माण की वजह से मकान गिरा। वहीं, हादसे से पड़ोस के कुछ मकानों में भी दरार आ गई। पुलिस व फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से निर्माण सामग्री के सैंपल भी लिए हैं।

ये है घायलों की सूची

काली चरण (20), बुलंदशहर, यूपी। कुसुमपाल (30), मुरादाबाद, यूपी। संजीव (24), आजाद मार्केट, दिल्ली। अमीरुद्दीन (40), खजूरी, दिल्ली।

अनिल कुमार (38), सदर बाजार दिल्ली। नरेश (35) नवाब रोड, दिल्ली। रुट्टल गुप्ता (30), नवाब रोड, दिल्ली। राम सेवक (24), आजाद मार्केट, दिल्ली।

बीरभान (25), धामपुर, बिजनौर, यूपी। मधुराम (40), दादीयान, यूपी। देव कुमार (26), बरना गली, सदर बाजार, दिल्ली
12. प्रेमवती (47), बरना गली, सदर बाजार, दिल्ली। घायलों में प्रेमवती मकान मालिक की भाभी है, जबकि अनिल कुमार व देव कुमार राहगीर हैं।
विज्ञापन

निगम ने तीन इंजीनियर निलंबित

निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने के मामले में उत्तरी दिल्ली निगम के आयुक्त पीके गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। आयुक्त ने अवैध निर्माण नहीं रोकने के आरोप में इलाके के तीन इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा अवैध निर्माण करने के आरोप में मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

आयुक्त ने इलाके के उपायुक्त को तत्काल शुरुआती रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे। रिपोर्ट आते ही आयुक्त ने इलाके में भवन विभाग में नियुक्त अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता को तुरंत निलंबित कर दिया।

इसके अलावा उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे मकान मालिक और मकान के ऊपर अवैध निर्माण कर रहे ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। आयुक्त के निर्देश के कुछ ही पल बाद उपायुक्त ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें