एमसीडी का संयुक्त अभियान, बिजली कनेक्शन काटे और मीटर जब्त किए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बीच नगर निगम समेत संबंधित विभागों ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में एमसीडी के पश्चिमी क्षेत्र ने प्रदूषण फैलाने वाली तीन औद्योगिक इकाइयों को सील कर दिया। ब्रह्मपुरी और चंचल पार्क में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान इकाइयों के बिजली कनेक्शन काटने के साथ मीटर भी जब्त किए गए।
एमसीडी के पश्चिमी क्षेत्र ने राजस्व विभाग, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), बीएसईएस और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। अभियान के तहत वार्ड संख्या 110 (कुंवर सिंह नगर) और वार्ड संख्या 111 (बापरोला) में औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान कुल सात इकाइयों की जांच की। इनमें छह औद्योगिक इकाइयां और एक गोदाम शामिल था। निरीक्षण में तीन औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण फैलाने से संबंधित उल्लंघन पाए गए। इसके बाद टीम ने मौके पर ही तीनों इकाइयों को सील कर दिया। साथ ही, बिजली आपूर्ति बंद कर उनके मीटर जब्त कर लिए गए। इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर अंकुश लगाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती करना है।