आबोहवा साफ रखने के मकसद से दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाया। इसके तहत 1326 स्थानों पर तीन लाख से ज्यादा पौधे लगाए गए। शुुरुआत पर्यावरण मंत्री कैलाश गहलोत ने ईसापुर गांव में की।
कैलाश गहलोत ने कहा कि दिल्ली का भविष्य इस पर निर्भर करेगा कि आज हम इसे हरा-भरा और प्रदूषणमुक्त करने की दिशा में किस तरह के कदम उठा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को अभियान में एमसीडी, डीडीए, डीएमआरसी, बीएसईएस, डीएसआईआईडीसी, शिक्षा विभाग, वन विभाग, आरडब्ल्यूए समेत 19 एजेंसियों ने हिस्सा लिया। इन्होंने पूरे दिन में तीन लाख पौधे लगाए हैं।
पौधे दिल्ली की 14 नर्सरियों से मुफ्त दिए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि पौधरोपण अभियान को बड़े फलक पर ले जाने के लिए वन महोत्सव मनाया जा रहा है।