रोड पर बन रहे पुल से हो सकती परेशानी (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media (File Photo)
एनएचएआई की तरफ से शनिवार को हिंडन कैनाल पर बन रहे पुल पर गार्डर रखने का काम किया जाएगा। इसके चलते दिल्ली को जाने वाली नहर रोड बंद रहेगी। इंदिरापुरम, वैशाली से गाजीपुर और नोएडा जाने वाले वाहन चालकों को गाजीपुर होते हुए आना जाना होगा। 10 अगस्त से 20 अगस्त तक गार्डर रखने का काम होगा। तब तक लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
एनएचएआई की तरफ से एनएच चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत हिंडन कैनाल पर नए पुल का निर्माण एनएचएआई कर रहा है। इस पुल के फाउंडेशन का काम पूरा हो गया है। विभाग की तरफ से अब गार्डर रखने का काम किया जाना है। यह काम विभाग की तरफ से शनिवार से शुरू होगा।
दस अगस्त से बीस अगस्त तक यह काम किया जाना है। इसके लिए एनएचएआई की तरफ से नहर रोड को बंद किया जाएगा। ऐसे में गाजीपुर और नोएडा जाने वाले वाहन चालकों को भी लंबा चक्कर काटकर आना जाना होगा। उन्हें यूपी गेट के रास्ते गाजीपुर होते हुए आना जाना पड़ेगा। ऐसे में एनएच पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की उम्मीद है। क्योंकि काफी संख्या में लोग यहां से आते जाते हैं।
एचएचएआई के उप महाप्रबंधक मुदित गर्ग ने बताया कि पुल के ऊपर क्रेन से 40 गार्डर रखा जाना है। इसके लिए आठ मशीनरी नहर रोड पर खड़ी की जाएगी। मशीनरी रखने के लिए नहर रोड के अलावा कोई जगह नहीं है। कार्य के दौरान सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना है। लिहाजा पुल के नीचे की नहर रोड को 20 अगस्त तक बंद रखा जाएगा। इसकी जानकारी ट्रैफिक पुलिस को दे दी गई है।