टिड्डी दल से बचाव के लिए ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है। टिड्डियों के आने पर उन्हें जगह-जगह एकत्रित होकर ढोल, थाली आदि बजाने के लिए कहा गया है, ताकि टिड्डियां फसलों पर न उतरने पाएं। दवाइयों के छिड़काव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
प्रयागराज : फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात, छिड़काव को दवाएं मंगवाईं
झांसी में टिड्डी दल के तीन दलों में बंटने की सूचना के बाद प्रयागराज में भी अलर्ट जारी किया है। एक दल के यहां आने की आशंका बनी हुई है। उप निदेशक, कृषि विनोद कुमार के अनुसार इस दल के पीछे भी टिड्डियों के अन्य झुंड राजस्थान और अन्य स्थानों पर हैं जिनका भी खतरा बना हुआ है। ऐसे में बचाव की पूरी तैयारी की गई हैं। यहां आठ फायर ब्रिगेड की गाडियां और 18 टैंकर रिजर्व कर लिए गए हैं। छिड़काव के लिए दवाइयां भी मंगाई गई हैं। इनके अलावा दवा विक्रेताओं से दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए कहा गया है।
गोरखपुर : फिलहाल खतरा नहीं, एडवायजरी जारी
टिड्डी दल को लेकर गोरखपुर में फिलहाल कोई खतरा नहीं है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर कृषि विभाग ने एडवायजरी जारी की है। एडवायजरी में किसानों को फसलों पर विभिन्न कीटनाशकों का छिड़काव करने का सुझाव दिया गया है।