सूरजपुर कस्बा स्थित एक इंटर कॉलेज से मंगलवार सुबह आठवीं की तीन छात्राएं गायब हो गईं। परिजनों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही से छात्राएं गायब हुई हैं जबकि स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बीमार छात्रा को घर पहुंचाने के लिए दो अन्य छात्राएं गई थीं। पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर भी कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
सूरजपुर कस्बा निवासी तीन छात्राएं एक इंटर कॉलेज में कक्षा आठ में पढ़ती हैं। मंगलवार को एक छात्रा ने क्लास में टीचर को बताया कि उसके पेट में दर्द है। इस पर उसे घर जाने की अनुमति मिल गई। छात्रा ने अध्यापक से दो छात्राओं को साथ भेजने की गुजारिश की।
इसके बाद दो छात्राओं को भी उसके साथ भेज दिया गया। मगर तीनों घर नहीं पहुंचीं। शिक्षक ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 12 बजे एक छात्रा ने पेट दर्द के बारे में बताया था। उधर, आरोप है कि चौकी पर पीड़ित परिजनों को थाने जाने के लिए कहा गया और फिर थाने से चौकी पर भेजा गया, जहां से उन्हें फिर थाने भेज दिया गया।
वहां उनसे गुमशुदगी की तहरीर ली गई। अभी तक छात्राओं को तलाशने का काम शुरू नहीं किया गया है। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह का कहना है कि परिजनों का आरोप गलत है। बुधवार दोपहर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। तत्काल चौकी इंचार्ज को स्कूल भेजा गया था। तीनों छात्राएं दोस्त हैं। उन्हें तलाशने का काम किया जा रहा है।