दक्षिण दिल्ली में झपटमारी करने वाले दो झपटमारों व इनकी निशानदेही पर एक ज्वेलर को भी गिरफ्तार किया है। यह ज्वेलर इन बदमाशों से झपटी गई चेन खरीदता था। इन आरोपियों की पहचान विजय (32), विनेश (22) और ज्वेलर युवराज (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से झपटी गई सोने की 11 चेन, वारदात में इस्तेमाल एक स्कूटी और मेटल की जांच करने वाली 13 लाख रुपये कीमत की एक मशीन बरामद की है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने झपटमारी के 30 मामले सुलझाने का दावा किया है। इन आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि रविवार को स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर प्रफुल कुमार झा व अन्यों की टीम को सूचना मिली थी कि मदनगीर इलाके में दो झपटमार सोने की चेन बेचने आने वाले हैं।
दोनों आरोपी दक्षिण दिल्ली में झपटमारी करते हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मदनगीर पार्क के पास जाल बिछा दिया। इस बीच रात करीब 8.30 बजे दोनों बदमाश विजय और विनेश वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर लिया। आरोपियों के पास से सात सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वह लूटा गया माल खानपुर के ज्वेलर युवराज को बेचते हैं। पुलिस ने छापा डाल आरोपी युवराज को भी दबोच लिया। उसके पास से सोने की चार चेन और एक सोने की परख करने वाली 13 लाख रुपये कीमत की मशीन बरामद की। आरोपी युवराज ने बताया कि उसने पिछले कुछ दिनों में दोनों आरोपियों से करीब 700 ग्राम सोना खरीदा है।