पुराना दिल्ली रोड स्थित राजीव नगर में पीसी ज्वेलर्स के शोरूम की छत काटकर करोड़ों रुपये के गहने चुराने के मामले में अपराध शाखा ने तीन आरोपियों को बांग्लादेश सीमा से गिरफ्तार किया है। तीनों पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश सीमा में प्रवेश करने की फिराक में थे। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से दो बांग्लादेश के हैं। तीनों को बांग्लादेश सीमा के पास स्थानीय अदालत में पेश कर राहदारी रिमांड पर लिया गया है। उन्हें गुरुग्राम लाकर अदालत में पेश किया जाएगा जहां से आरोपियों की रिमांड ली जाएगी।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) शमशेर सिंह ने रविवार को पत्रकारवार्ता में वारदात का खुलासा करने का दावा किया। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा की दो टीमों को आरोपियों के पश्चिम बंगाल में होने की सूचना मिली थी जिस पर टीम ने बताए गए स्थान पर छापामारी कर तीन आरोपियों को रविवार सुबह काबू किया। आरोपियों की पहचान सफीबुल इस्लाम (31), जफर हुसैन (26) व सुल्तान मुमताज उर्फ नाजमूल (26) के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में पता लगा है कि जफर पीसी ज्वेलर्स के शोरूम में वारदात से 4 दिन पहले ही नौकरी पर लगा था। वहीं सफीबुल इस्लाम अगस्त से यहां नौकरी कर रहा था। कद में छोटा होने के कारण जफर मौके का फायदा उठाकर शोरूम बंद होने से पहले ही अंदर छिप गया था। शोरूम बंद होने के बाद आरोपी ने छत से अपने साथियों को शोरूम के अंदर प्रवेश करवाया। वारदात को कुल 6 लोगों ने अंजाम दिया।