शादी-समारोह के चलते बुधवार को हाइवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। बारातों के कारण देर रात तक गंगनहर से दुहाई तक वाहन और मुसाफिर जाम में फंसे नजर आए। करीब पांच किमी लंबे जाम में फंसे लोगों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। जाम में एंबुलेंस फंसी दिखीं।
बुधवार को शादी समारोह के चलते हाईवे पर सुबह से लेकर रात तक जाम लगा रहा। जाम से बचने के लिए लोगों ने पाइप लाइन मार्ग, गंगनहर पटरी, कनौजा कुशलिया संपर्क मार्ग का सहारा लिया। अधिकांश वाहन क्षेत्र की जानकारी न होने के कारण गांवों में भटकते रहे।
ग्रामीणों से पूछ-पूछ कर गंतव्य की ओर रवाना हुए। गंगनहर स्थित रेगूलेटर पुल की चौड़ाई कम होने के कारण वहां भी लोग जाम में फंस गये। कुछ लोग डिडौली गांव से होते निवाड़ी होकर मोदीनगर के लिए रवाना हुए।
गंगनहर से दुहाई तक मेरठ की ओर जाने वाले वाहन रात तक जाम में फंसे रहे। जाम का आलम इतना था कि दोपहिया वाहन चालकों का निकलना भी दूभर हो गया था। करीब पांच किमी लंबे जाम में फंसे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
एंबुलेंस समेत कई वीआईपी गाड़ियों जाम में फंसी नजर आईं। एसओ लक्षेंद्र कुमार का कहना है कि बारातों के चलते वाहनों की संख्या अधिक थी, इसलिए हाइवे पर वाहन धीमी गति से चल रहे थे।
शादी समारोह में आतिशबाजी करने वालों की खैर नहीं। करोल बाग के अजमल खां पार्क में शादी समारोह के आतिशबाजी के मामले में स्थानीय निवासी की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।
इससे पहले पटाखों की चिंगारी से पंडाल में आग भी लग गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आतिशबाजी और आग का वीडियो बनाकर सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग कमेटी और अन्य एजेंसियों को भेजा तो पुलिस जागी है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता निपुण जैन परिवार के साथ अजमल खां पार्क के पास रहते हैं। उनका आरोप है कि सरकारी पार्क में होने वाली शादियों में जमकर आतिशबाजी होती है। इससे स्थानीय लोगों को खासी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने 9 दिसंबर को पार्क में शादी समारोह के दौरान वीडियो बना लिया।
इस दौरान, पटाखों की चिंगारी से पंडाल में आग भी लगी थी। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला नजरअंदाज कर दिया। 10 दिसंबर को निपुण ने मामले की शिकायत सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग कमेटी और अन्य जगह कर दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।