दिल्ली भाजपा पुराने नेताओं को भूल गई लगती है। राष्ट्रीय नेतृत्व वाले नेता तो याद रहे लेकिन जनसंघ के समय से ही दिल्ली में पार्टी को खड़ा करने वाले नेताओं को भुला दिया गया है। पार्टी की नए कलेवर शुरू हुई वेबसाइट से इसका पता चलता है।
वेबसाइट पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी तो दिखाई दे रहे हैं, लेकिन दिल्ली के नेताओं की बात करें तो मदनलाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा, सुषमा स्वराज व केदारनाथ साहनी गायब हैं।
जबकि दिल्ली में आज भी खुराना, साहनी और वीके मल्होत्रा का नाम ट्रायो के रूप में बेहद ही मशहूर है। ये वे नेता हैं जिन्होंने दिल्ली में पार्टी को खड़ा किया है। जानकार बताते हैं कि तीनों जनसंघ के जमाने से ही पार्टी के लिए साइकिल से प्रचार करके घर-घर जाकर सदस्य बनाते थे।
वहीं, पंत मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय में भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, आडवाणी-अटल के फोटो देखने को तो मिलते हैं, लेकिन दिल्ली में पार्टी को खड़ा करने वाले नेताओं की तस्वीरें यहां भी नदारद हैं।