वित्तीय वर्ष 2014-15 में नोएडा प्राधिकरण का बजट करीब 9200 करोड़ रुपये होगा, जो पिछले साल से 873 करोड़ रुपये कम है।
प्राधिकरण के मुताबिक 9200 करोड़ रुपये के कुल बजट में से विकास कार्यों पर करीब 4500 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें 400 केवी के दो सबस्टेशन, सेक्टर-94 व मॉडल टाउन अंडरपास, स्टेडियम और मिनी स्टेडियम का निर्माण, सेक्टर-39 का जिला अस्पताल, होशियारपुर में बालिका इंटर कॉलेज, यमुना पर पुल और एफएनजी रोड का निर्माण आदि शामिल हैं।
इस साल नोएडा की तीन मेट्रो परियोजनाओं बॉटेनिकल गार्डन से कालिंदी कुंज, सिटी सेंटर से सेक्टर-62 और नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
इसके लिए 1700 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। हालांकि वित्तीय वर्ष 2013-14 की तुलना में यह काफी कम है।
इसी तरह भूमि अधिग्रहण में मुआवजे के रूप में इस साल 1500 करोड़ रुपये दिये जाएंगे। वहीं पिछले साल यह दो हजार करोड़ रुपये था, लेकिन विवादों के चलते यह किसानों को बांटा नहीं जा सका।
इसके अलावा 1500 करोड़ रुपये मिसलेनियस खर्च के लिए तय किए गए हैं, जिसमें करों का भुगतान, अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन समेत अन्य प्रशासनिक खर्चों को शामिल किया गया है।
12 फरवरी को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक प्रस्तावित है, जिसमें इस बजट पर मुहर लगेगी। बता दें, कि लोकसभा चुनाव के चलते 20 फरवरी के बाद अधिसूचना लागू हो जाएगी, जिससे बोर्ड बैठक नहीं हो सकेगी।