नई दिल्ली स्टेशन परिसर के लिए रेलवे ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। वाहनों की लेन को योजना के तहत रिडिजाइन तो किया ही गया है साथ ही मेट्रो रेल के गेट को स्टेशन के समीप लाने की योजना भी तैयार की गई है।
इसका फायदा यह होगा कि मेट्रो से उतरकर रेलवे के प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए पैदल यात्रियों को सड़क पार करने की आवश्यकता नहीं होगी। मेट्रो से उतरते ही सीधा वे प्लेटफार्म के प्रवेश द्वार पर ही पहुंच जाएंगे।
दिल्ली रेल मंडल ने ट्रैफिक प्लान के तहत पहली लेन पैदल चलने वालो के लिए, दूसरी लेन निजी कारों के लिए और तीसरी लेन ऑटो एवं टैक्सी के लिए डेडिकेटेड किया है। इसके साथ ही नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री अजमेरी गेट की तरफ खुलने वाले मेट्रो के प्रवेश व बाहर निकलने वाले रास्ते को भी रिडिजाइन किया है।
दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक आरएन सिंह ने बताया कि फिल्हाल मेट्रो से स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को पैदल चलकर ट्रैफिक भीड़ से गुजरना पड़ता है। इसे ही ध्यान में रख दिल्ली रेल मेट्रो कॉरपोरेशन से कहा गया है कि वे ऐसा रास्ता तैयार करे जिससे स्टेशन पर पहुंचने के लिए यात्रियों को ट्रैफिक का सामना नहीं करना पड़ा।
आरएन सिंह ने यह भी बताया कि इसके लिए दिल्ली मेट्रो को अंडरग्राउंड रास्ता प्लेटफार्म तक बनाने को कहा है, जो सीधा अजमेरी गेट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तक पहुंचेगा। बता दें कि दिल्ली आने वाले रेल यात्रियों को मेट्रो से सवारी के लिए स्टेशन के मुख्य गेट तक पैदल चलकर जाना होता है।
समान लेकर पैदल चलने के कारण परिसर के भीतर ट्रैफिक व्यवस्था भी कई बार बिगड़ जाती है और परिसर में ट्रैफिक जाम लग जाता है। मेट्रो के निकास व प्रवेश का रास्ता अंडरग्राउंड बनता है तो इससे यात्रियों को बेहद फायदा होगा।