नगर निगम मुख्य सड़कों की सफाई स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से करेगा। इसके तहत एक मशीन पहले से ही इस कार्य में लगी हुई हैं। शनिवार को दो मशीनें और इस कार्य में लगा दी गई हैं।
इन मशीनों की पूजा-अर्चना विश्व प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में नगर निगम आयुक्त एवं उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश एवं निगम अधिकारियों ने की। इस मौके पर निगमायुक्त ने कहा कि अच्छी सफाई व्यवस्था देना नगर निगम का कार्य है और इसके लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मशीन से सड़कों की सफाई अच्छी होगी, जो सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहतर है, क्योंकि कई बार सफाई कर्मी कार्य करते समय दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों की सफाई रात्रि में मशीनों द्वारा की जाएगी और इससे हमारा शहर साफ व स्वच्छ रहेगा। एक मशीन रिलायंस फाउंडेशन द्वारा सीएसआर के तहत नगर निगम को उपलब्ध करवाई गई है, इसके लिए निगमायुक्त ने रिलायंस फाउंडेशन का धन्यवाद व्यक्त किया।
शेष दो मशीनें नगर निगम द्वारा हायर की गई हैं। इस मौके पर डिप्टी मेयर परमिंद्र कटारिया, संयुक्त निगमायुक्त (मुख्यालय) वाईएस गुप्ता, संयुक्त निगमायुक्त-4 रोहित यादव, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक बिजेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित थे।