कोरोना संकट के बीच त्योहारों की शुरुआत होने जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बैठक कर भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था से ज्यादा लोगों को कोविड-19 के नियमों का पालन कराना अधिक चुनौतीपूर्ण होगा। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से खान मार्केट, करोल बाग, चांदनी चौक, सदर बाजार, कनॉट प्लेस, जनपथ, लाजपत नगर मार्केट और सरोजनी नगर में विशेष चौकसी रहेगी।
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी आरपी मीणा ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार संघों के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठक की जा रही है। उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर के माध्यम से बाजारों में लोगों को मास्क पहनने की घोषणा करने के साथ-साथ सुरक्षित रहने की अपील की जाएगी। इसके अलावा कोविड से जुड़ी ऑडियो क्लिप को हर बाजार में लाउडस्पीकर से बजाकर जागरूक किया जाएगा।
ऑडियो में लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की जाएगी। बाजारों में सीसीटीवी कैमरों के साथ सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मी नजर रखेंगे। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी हैै, इसलिए संक्रमण से बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं पुलिस ने भी सभी बाजारों में लगे मेटल डिटेक्टर को दुरुस्त करवा दिया है। बाजार में प्रवेश करने से पहले हर किसी को सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।