पूर्वी दिल्ली इलाके में जाम व जल जमाव की समस्या जल्द ही खत्म होगा। क्षेत्र के सांसद मनोज तिवारी इस मुहिम में जुटे हुए है। शनिवार को वे निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 709 बी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ नगर योजना निदेशक व संबंधित इंजीनियर भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद मनोज तिवारी ने कहा कि जल्द ही उत्तर पूर्वी दिल्ली को जाम से मुक्ति मिलने वाली है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 709 बी उत्तर पूर्वी दिल्ली के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस मार्ग से क्षेत्र के निवासियों के आवागमन को रफ्तार मिलेगी तो जाम से मुक्ति मिलेगी साथ ही पुस्ता रोड पर लगने वाले घंटों के जाम की समस्या खत्म होगी। सीलमपुर, करावल नगर, घोंडा क्षेत्र के करीब 15 लाख लोगों को राहत मिल जाएगी। राम कॉलोनी, सोनिया विहार, सभापुर, चौहान पट्टी के करीब 8 वर्ग किलोमीटर रिहायशी क्षेत्र का निकलने वाला गंदा पानी क्षेत्र की एक बड़ी समस्या थी। इसके निराकरण के लिए ड्रेन को भूमिगत बनाकर सोनिया विहार जल शोधक संयंत्र में बनने वाले एसटीपी प्लांट में जोड़ा जाएगा। 8 करोड़ रुपए की लागत से इस पूरे क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का समाधान होगा।
क्षेत्रीय निवासियों की एक और मांग थी कि खजूरी स्थित दिल्ली सरकार के 2 स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 16000 बच्चों के लिए भी सड़क पार करने की व्यवस्था होनी चाहिए। राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एक फुटओवरब्रिज बनाया जाए। इसकी मंजूरी मिल गई है। 5 करोड़ की लागत से पूरे रोड की चौड़ाई 12 लेन वाली बनाई जाएगी। इसमें 6 लेन का एलिवेटेड रोड और 3-3 लेन की सर्विस रोड होंगी। इससे खजूरी चौक का जाम खत्म हो जाएगा।