पासपोर्ट पेंडेंसी के चलते 13 जिलों के आवेदकों के पासपोर्ट देरी से मिलेंगे। नासिक से पासपोर्ट बुकलेट की आपूर्ति में देरी होने से पासपोर्ट प्रिंट नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में विभाग तत्काल सेवा के पासपोर्ट प्राथमिकता के आधार पर जारी कर रहा है। विभागीय अधिकारी इस मामले में बयान देने से कतरा रहे हैं।
देश भर में पासपोर्ट बुकलेट की सप्लाई नासिक से होती है। गाजियाबाद पासपोर्ट आफिस में मार्च 2014 में करीब 55 हजार पासपोर्ट बुकलेट भेजी गईं थी। इसके बाद से अभी तक नई बुकलेट की सप्लाई नहीं हो सकी है।
गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय से 13 जिलों के आवेदकों को पासपोर्ट जारी किए जाते हैं। प्रतिदिन औसतन 800 पासपोर्ट यहां से जारी किए जाते हैं। बुकलेट की कमी के चलते अब करीब 200 पासपोर्ट जारी किए जा रहे हैं। इनमें भी तत्काल सेवा के पासपोर्ट को प्राथमिकता दी जा रही है।