नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जमीन और महंगी हो गई है। बुधवार को दोनों प्राधिकरणों के बोर्ड की बैठक में नई आवंटन दरों पर मुहर लग गई। साल 2015-16 के लिए करीब 16,000 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण ने बताया कि नोएडा में वाणिज्यिक श्रेणी के भूखंडों को छोड़कर हर तरह की संपत्ति के आवंटन की दर में औसतन 18.40 फीसदी की वृद्धि की गई है।
किसानों को अतिरिक्त मुआवजा दिए जाने के कारण यह वृद्धि की गई है। बोर्ड से मंजूरी के साथ ही नई दरें लागू हो गई हैं। ग्रेटर नोएडा ने भी आवासीय जमीन 780 रुपये और व्यावसायिक 1945 रुपये प्रति वर्गमीटर महंगी हो गई है। बढ़ी दरें 1 अप्रैल 2015 से लागू हो जाएंगी। हालांकि, उद्योगों के आवंटन दर में वृद्धि नहीं की गई है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा ने आगामी वित्तीय वर्ष का बजट भी पास कर दिया गया है। नोएडा ने आगामी वर्ष के लिए 8887 करोड़ रुपये और ग्रेटर नोएडा ने 6994 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। नोएडा के सभी किसानों को पांच फीसदी आवासीय भूखंड देने के लिए सेक्टर-144 में 60 हेक्टेयर जमीन आरक्षित कर दी गई है।