दिल्ली में सिविल लाइंस इलाके के राजनिवास मार्ग पर स्थित एक चर्च में बुधवार रात चोरी की वारदात सामने आई है।
वारदात से पहले चोरों ने चर्च में मौजूद गार्ड के कमरे को बाहर से बंद कर दिया और 20 हजार नगदी व कुछ महत्वपूर्ण कागजात ले गए। वारदात के बाद चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और कंप्यूटर के जरिए फुटेज को खत्म करने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, एलजी हाउस से कुछ दूरी पर एक चर्च है। बुधवार रात करीब 2 बजे चार नकाबपोश चोर ग्रिल फांदकर चर्च के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। जब चोरों ने कमरे में चौकीदार को सोया हुआ देखा तो उन लोगों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। उसके बाद चोरों ने अलमीरा को तोड़कर नकदी और कागजात निकाल लिए।
इसी दौरान एक चोर की नजर चर्च में लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। उन्होंने कैमरे तोड़ दिए और कंप्यूटर से फुटेज को खत्म करने की कोशिश में कंप्यूटर भी तोड़ दिए। चर्च के फादर की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से चोरों ने अलमारी में किसी चीज को खोजने की, इससे लगता है कि चोर किसी कागजात को चुराने आए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।