वेव सिटी थाना क्षेत्रांर्तगत लाल कुआं स्थित शंकर विहार कालोनी में चोरी की एक वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ने एक मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित सुंदर सैनी पुत्र हरस्वरूप सैनी, जो मूल रूप से बुलन्दशहर के कस्बा खानपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में शंकर विहार कालोनी लाल कुआं में रह रहे हैं, ने घटना के सम्बंध में वेव सिटी पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 17 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर 50 हजार रुपये और वीवो का मोबाइल फोन चुरा लिया। पीड़ित सुंदर सैनी ने वेव सिटी पुलिस से गुहार लगाई है कि अज्ञात चोरों का जल्द से जल्द पता लगाकर उनके चोरी हुए पैसे और मोबाइल फोन को बरामद किया जाए।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।