प्रेमी के साथ रंगे हाथ पकड़ी पत्नी
- फोटो : अमर उजाला
नगर के मोहल्ला ठंडी सड़क पर रहने वाले एक कार चालक ने अपनी पत्नी पर प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद उस पर दरांती से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। घायल पति ने कोतवाली में पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित सोनू ने बताया कि वह पेशे से कार चालक है। शुक्रवार को वह यात्रियों को लेकर हरिद्वार गया था और घर लौटने का समय परिवार को नहीं बताया था। देर रात जब वह अचानक घर पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को कोतवाली ले गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने पत्नी को घर भेज दिया। पीड़ित का आरोप है कि वह भी घर लौटकर सो गया। इसी दौरान देर रात उसकी पत्नी ने दरांती से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सीने और बाजू पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।
सोनू का कहना है कि उसे काफी समय से पत्नी पर किसी अन्य युवक से संबंध होने का संदेह था, लेकिन शुक्रवार रात उसने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसी कारण उसकी पत्नी ने कथित प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की कोशिश की।
पीड़ित ने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और वह अपनी जान को खतरा महसूस कर रहा है। पीड़ित ने कोतवाली में पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर जानलेवा हमले सहित उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।