मंगोलपुरी में बाइक चोरी करने के आरोप में पकड़े गए एक युवक को भीड़ ने बिजली के खंभे से बांधकर इस कदर पीटा कि वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। कुछ तमाशबीनों ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
पुलिस को सूचना मिली तो घायल युवक को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती करा दिया। उसकी पहचान धर्मवीर उर्फ बंटी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन और बाइक चोरी का प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं भीड़ के खिलाफ भी मारपीट करने का मामला दर्ज कर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बुधवार देर रात धर्मवीर और उसके दो साथियों ने मंगोलपुरी के-ब्लॉक में एक बाइक चोरी करने का प्रयास किया। इस बीच बाइक के मालिक की नींद खुल गई तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोगों ने धर्मवीर को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी मौके से फरार हो गए।
गुस्साई भीड़ ने धर्मवीर को खूब पीटा। आरोप है कि उसे बिजली के खंभे से बांधकर खूब मारा, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस बीच पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।