गाजियाबाद में तेजी से नीचे जा रहे पानी के स्तर से चिंतित, प्रशासन इसकी रोकथाम के लिए जल संरक्षण समिति गठित करेगा। समिति का उद्देश्य जागरूकता और सख्ती से जनपद में पानी के दोहन को बचाना है।
सीडीओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि गाजियाबाद में ग्राउंड वाटर का स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। यहां तक कि तीन ब्लॉक इनमें लोनी, रजापुर और भोजपुर को डार्क जोन घोषित किया जा चुका है।
इसके बावजूद आम लोगों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता नहीं है। ऐसे में जल दोहन को रोकने के लिए जल संरक्षण समिति गठित की जाएगी।
समिति में अधिकारी, एनजीओ सदस्य के साथ ही स्थानीय स्तर के लोगों को शामिल किया जाएगा। समिति द्वारा आम लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक तो किया ही जाएगा।
ऐसे घर और मोहल्ले भी चिन्हित किए जाएंगे, जहां बेवजह पानी बहाया जाता हो। गाड़ी और घर धोने में पानी बर्बाद करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की जाएगी।
इसके साथ ही जिन इलाकों में मनाही के बावजूद सबमर्सिबल और मोटर व हैंडपंप लगाया जा रहा है, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
सीडीओ ने बताया कि इस माह के अंतिम सप्ताह में समिति गठित कर ली जाएगी। इसके साथ ही प्राइमरी और इंटर स्कूलों के बच्चों द्वारा भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।