अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिला पुलिस ने इलाके में साड़ी विक्रेता बनकर घर में घुसकर दिनदहाड़े चोरी करने के मामले में 24 वर्षीय युवक मोहम्मद सलमान को 22-23 अगस्त की रात गिरफ्तार किया है। उसका साथी सुहैल अभी फरार है। मोहम्मद सलमान और सुहैल ने एमएस पार्क स्थित एक घर से 19 अगस्त को आभूषणों की चोरी की थी।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि 19 अगस्त को चोरी की सूचना मिली। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई और चोरी में इस्तेमाल की गई स्कूटी का पता लगाया गया। स्कूटी गाजियाबाद निवासी रवीश के नाम पर पंजीकृत पाई गई। पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी सलमान को सुंदर नगरी से गिरफ्तार कर उसके पास से वह स्कूटी बरामद की गई।
सलमान ने बताया कि वह घर-घर जाकर साड़ी और सूट बेचता है। जांच में पता चला कि सुहैल रवीश का बड़ा भाई है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड है। सलमान की सुहैल से करीब तीन-चार महीने पहले रवीश के जरिए दोस्ती हुई, जिसके बाद वह चोरी में शामिल हुआ। पुलिस ने बताया कि सुहैल लगातार ठिकाने बदलता रहता है और कभी सुंदर नगरी, तो कभी पसोंडा और डासना (गाजियाबाद) में रहता है।