सूबे के सबसे बड़े सम्मान ‘यश भारती’ पुरस्कार से गाजियाबाद के सीनियर पहलवान विजयपाल यादव को सम्मानित किया जाएगा।
यूपी केसरी सहित दर्जनों राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय रेसलिंग प्रतिस्पर्धाओं में पदक विजेता सीनियर पहलवान विजयपाल यादव को प्रदेश सरकार ने यश भारती अवार्ड देने की घोषणा की है। सोमवार को लखनऊ में होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उन्हें यश भारती से पुरस्कृत करेंगे।
चार साल लगातार बने यूपी केसरी
बम्हैटा गांव के रहने वाले सीनियर पहलवान विजयपाल यादव ने अपने रेसलिंग करियर की शुरुआत वर्ष 2000 से की। साल 2004 में जूनियर नेशनल में ब्रॉंज जीतकर धमाकेदार आगाज किया। 2006 में जूनियर नेशनल में गोल्ड जीता।
2006 में ही टर्की में वर्ल्ड चैंपियनशिप में उम्दा प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया। 2007 में पहली बार सीनियर नेशनल में भाग लेकर गोल्ड पर कब्जा किया।
2008 में यवतमाल महाराष्ट्र में हुए फेडरेशन कप में गोल्ड हासिल किया। साल 2007 से 2010 तक पहलवान विजयपाल ने लगातार यूपी केसरी अवार्ड अपने नाम किया। 2011 में दुबई केसरी बनने वाले वे पहले भारतीय बने।
युवा पहलवानों के सपनों को कर रहे साकार
सीनियर पहलवान विजयपाल यादव ने बम्हैटा गांव के युवा पहलवानों के सपनों को साकार करने का बीड़ा उठाया है। बम्हैटा कुश्ती अखाड़े में पहलवानों की ट्रेनिंग, खानपान के साथ पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
उनके मार्गदर्शन की बदौलत पहलवान दीपक उज्ज्वल ने इंटरनेशनल और पहलवान शोभित, अरुण यादव, बाबर यादव, सचिन सहित दर्जनों पहलवानों ने कई नेशनल पदक अपने नाम किए।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय गुरुओं के साथ दोस्त संजय यादव, विनोद यादव और गोल्डी को दिया। उन्होंने कहा कि गुरुओं के मार्गदर्शन और दोस्तों की हरसंभव मदद की बदौलत मुकाम हासिल किया। पहलवान विजयपाल यादव सीआरपीएफ में डीएसपी पद पर तैनात हैं।