नई दिल्ली। इंडिया हैबिटेट सेंटर के द थियेटर में शुक्रवार शाम साधना, नवोदित प्रतिभाओं के उत्सव का दूसरा संस्करण आयोजित हुआ। इसने दर्शकों को शास्त्रीय संगीत की विलक्षण प्रतिभाओं से रूबरू कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वाति तिवारी श्रीवास्तव के मधुर और गहरे भावपूर्ण हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन से हुई। उनके साथ तबले पर उस्ताद रफीउद्दीन साबरी और हारमोनियम पर ललित सिसोदिया की संगत ने माहौल को और अधिक सजीव बना दिया।
इसके बाद मंच संभाला पं. कुशल दास के शिष्य सौमित्र ठाकुर ने, जिन्होंने अपने सितार वादन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ तबले पर उजित उदय की संगत रही, जो स्वयं उस्ताद रफीउद्दीन साबरी के शिष्य हैं।
श्रोताओं ने इस प्रस्तुति को गुरु-शिष्य परंपरा और नई पीढ़ी के आत्मविश्वास का सुंदर संगम बताया। इस यादगार संध्या का आयोजन उदयज्योति संगीत फाउंडेशन ने किया था। संवाद