अमेरिका में कोरोना के प्रकोप के चलते भारत लौटे बड़े पुजारी को दिल्ली में होटल में क्वारंटीन किया गया। मगर पुजारी होटलकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। वह गुरुग्राम पहुंच गए। यहां पर इफको चौक पर गुरुग्राम के एक पुलिसकर्मी से मोबाइल लेकर अपने भाई को फोन कर रहे थे। मगर पुजारी के भाई ने फोन नहीं उठाया।
आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने पुजारी को इफको चौक से पकड़ लिया। पुजारी के खिलाफ आईजीआई एयरपोर्ट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद पुजारी को होटल में क्वारंटीन कर दिया गया है।
आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुष्पराज चतुर्वेदी अमेरिका में बड़े पुजारी हैं। वह कई सालों से शिकागो में रह रहे हैं। अमेरिका में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वह शिकागो, अमेरिका से भारत लौटे थे। उन्हें ऐरोसिटी में स्थित रेडफॉक्स होटल में सात दिन के लिए क्वारंटीन किया गया था। पुष्पराज चतुर्वेदी सोमवार रात साढ़े नौ बजे होटल से गायब हो गए।
रात करीब तीन बजे होटल के स्टाफ को पता लगा। होटल स्टाफ ने इसकी सूचना आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस को दी। मामला दर्जकर पुजारी की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज से पता लगा कि पुजारी गुरुग्राम की तरफ गए हैं। सीसीटीवी फुटेज से पीछा करते हुए पुलिस गुरुग्राम के इफको चौक तक पहुंच गई।
यहां पर पुजारी ने गुरुग्राम के एक पुलिसकर्मी से भाई से जरूरी बात करने के लिए फोन किया,मगर उसके भाई ने फोन नहीं उठाया। इतने देर में दिल्ली पुलिस पीछा-पीछा करते हुए इफको चौक तक पहुंच गई और आरोपी पुजारी को पकड़ लिया। पुजारी के भाई फेज-दो, गुरुग्राम में रहते हैं। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस पुजारी को दिल्ली ले आई और उसी होटल में क्वारंटीन कर दिया गया है।
पुजारी का मंगलवार को कोरोना टेस्ट कराया गया है। क्वारंटीन कार्यकाल पूरा होने के बाद पुजारी को गिरफ्तार किया जाएगा। पुजारी ने पुलिस को बताया कि अमेरिका में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण जिन भारतीय को नागरिकता नहीं मिली वह सभी भारत वापस लौट रहे हैं।