-नीति निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और दिव्यांग समुदाय ने सुगम एवं समान भारत के निर्माण पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ (एनएबी दिल्ली) की तरफ से बृहस्पतिवार को इंडिया इन्क्लूसिव समिट 2026 का आयोजन इंडिया हैबिटेट सेंटर के सिल्वर ओक सभागार में हुआ। सम्मेलन में नीति निर्माताओं, कॉर्पोरेट जगत, तकनीकी विशेषज्ञों और दिव्यांग समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर समावेशी विकास और सुगम्यता को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम तत्सत फाउंडेशन, अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, एचसीएल टेक, एचसीएल फाउंडेशन और यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली के सहयोग से आयोजित हुआ। समिट में डिजिटल एक्सेसिबिलिटी, समावेशी कार्यस्थल, सुलभ तकनीक और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण जैसे विषय केंद्र में रहे। कार्यक्रम की शुरुआत एनएबी दिल्ली के महासचिव प्रशांत रंजन वर्मा के स्वागत भाषण से हुई। इस दौरान दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और अधिकारों से जुड़ी एनएबी दिल्ली की पहलों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण इन्क्लूसिव इंडिया अवॉर्ड्स 2026 रहा। माइक्रोसॉफ्ट को विंडोज को अधिक सुलभ बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ संस्थान सम्मान मिला, जबकि बैरियरब्रेक को सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रदाता और एक्सेसिबिलिटी विशेषज्ञ अमर जैन को व्यक्तिगत योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा, कि भारत की प्रगति तभी सार्थक होगी जब विकास सभी नागरिकों के लिए समान रूप से सुलभ हो। उन्होंने कहा कि सरकार डिजिटल समावेशन और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन में माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अन्य विशेषज्ञों ने डिजिटल सुगम्यता, समावेशी डिजाइन और सहायक तकनीकों पर अपने विचार साझा किए।